शनिवार, 4 अक्टूबर 2014

जीवन में सपने!

बगैर 
सपनों की नींद नहीं होती, 
बगैर नींद के 
सपने नहीं होते। 
कोई कितना भी दावा करे, 
कि उसकी  नींद में
सपने नहीं होते। 
अगर नींद है तो 
सपने भी निहित है। 
..........................................
यह इसी तरह
सच है 
जैसे  
जीवन है,
तो सपने है,
सपने है 
तो जीवन है।। 

शनिवार, 13 सितंबर 2014

श्राद्ध से अधिक श्रद्धा की जरूरत

हाल ही में मेरी एक परिचिता अपने लिए कुछ नये कपड़े खरीद कर ले आयी। शाम को जब उसके पति ने कपड़े देखे तो उसकी डांट लगा दी। कारण था कि पितृपक्ष आरम्भ हो चुके है अतः खरीदारी नहीं करनी चाहिए। अब चूकिं कपड़े खरीदकर आ चुके थे और जरूरी भी था इसलिए इस समस्या का हल निकाला गया कि रस्मीतौर पर किसी दूसरे व्यक्ति कपड़े पहनाकर पुराना मानकर हम इस्तेमाल करे। इससे पितृपक्ष  दोष  नहीं लगेगा। तो इस तरह उक्त  ‘कठोर नियम’ का हल बड़ी चतुराई से सरलीकरण कर दिया गया। जब मैंने यह पूरा वाकया सुना तो अनायास ओठो पर मुस्कान तैर गई। लगा कि अगर उनके पुरखों ने किंचित यह सब  देख लिया तो उन पर क्या बीतेगी यह तो किसी गया के पंडे से जाकर पूछना पड़ेगा।
शास्त्रो के अनुसार पितरों का प्रतिनिधित्व करने वाले तीन जीव माने जाते है-कौआ, श्वान और गाय। मान्यता है कि अपने भोजन को तीन हिस्सो में बाटकर इन तीनों को भोजन दान किया जाए। यह हमारे पितरों का प्रतिनिधित्व करते है। भौतिक विलासता से दूर रहकर सात्विक दिनचर्या का पालन करना आवश्यक है। इन  दिनों सभीे समाचार पत्रों के धर्मिक पृश्ठ पर किसी न
किसी रूप में पाठकों को पितृपक्ष में अचार-व्यवहार के बारे में बाताया जा रहा है। इन कर्मकाण्डों के बीच फंसे व्यक्ति खासकर युवा असहज महसूस करते है। पर उन्हें यह सब मानने और पालन करने के लिए बाध्य किया जाता  है।
दूसरी तरफ इन अनुष्ठान के इतर जब हम अपने आसपास अपने बुजुर्गो की उपेक्षा होते देखते है। तो लगता है कि इस श्राद्ध  का क्या अर्थ है जब हमें अपने बुजुर्गो के प्रति श्रद्धा ही नहीं है। जबकि देश मे बूढे माता-पिता की जिम्मेदारी अधिक पुख्ता बनाने की कोशिश की जा रही है। बिहार में तो बकायदा कानून बना कर बेटों से माता -पिता की देखभाल कराने के प्रावधान बना दिये गए हैं  जिसके अनुसार जो भी व्यक्त्ति अपने असहाय माता-पिता के  भरण-पोषन  की जिम्मेदारी नहीं उठाएगा उसे जेल की सजा मिल सकती है। भारतीय संस्कृति की श्राद्ध परम्परा से आज हम ‘सजा के प्रावधान’ तक पहुंच चुके है। हम मर चुके पूर्वजों की चिंता करते तो दिख जातेे है पर जो जिंदा है उनकी चिंता गैरजरूरी समझते है। हम अपने इस धार्मिक अनुष्ठान का मर्म नहीं समझते। लकीर के फकीर होकर सब कुछ  मानते चले जाते है। यहीं हमारी समस्या है।
वास्तव में अपने बुर्जुगों का सम्मान हम इस सीमा तक करे कि उनकी मृत्यु के बाद भी हम उनके योगदान के लिए अभार व्यक्त करे। इस बात को न समझकर कर्मकाण्डों को पूरा करके अपनी इतिश्री समझ लेते है। जबकि श्राद्ध से अधिक उन्हें हमारी श्रद्धा की जरूरत है।

शनिवार, 6 सितंबर 2014

कार्टून की दुनिया और बच्चे

एक कॉमिक्स पात्र 'नागराज' का मॉडल रूप  
कंप्यूटर युग में बच्चों से किताबें पढने की उम्मीद कोई नहीं करता है। सभी यह शिकायत करते हुए मिल जाते है कि बच्चे किताबें नहीं पढ़ते हैं। बच्चों में किताबें पढ़ने की रूचि नहीं हैं पर मुझे लगता है कि हम लोग ही बच्चों को किताबों तक नहीं पहुंचने देते है। इस बार दिल्ली पुस्तक मेला में राजा पाॅकेट बुक और डायमंड काॅमिक्स के स्टाॅल लगे थे जिसमें बच्चों की उमड़ी भीड़ देखकर नहीं कहा जा सकता कि कार्टून चैनल आ जाने के बाद बच्चे कॉमिक्स पढ़ना नहीं चाहते है, वह भी दिल्ली जैसे महानगर के बच्चे। ‘काॅमिक्स मंहगी है’ कह कर कई माता-पिता बच्चों को दूसरी चीजें खरीदवाने को उत्सुक थे। जबकि डायमंड वाले पचास प्रतिशत छूट पर काॅमिक्स बेच रहे थे। मुझे याद है कि मेरे मम्मी-पापा कभी काॅमिक्स जैसी मनोरंजक किताबें खरीदने के पक्ष में नहीं होते थे, उन्हें फिजूलखर्ची लगती थी क्योंकि एक बार पढ़ लेने के बाद वह बेकार हो जाती थी। पर किराये पर लाकर पढ़ सकते थे वो भी छुट्टियो के दिनों में। कामोवेश हम सभी के बचपन की यही कहानी हो सकती है। उस समय काॅमिक्स और बाल साहित्य की पत्रिकाएं पढ़कर ही हमारे अंदर पढ़ने की आदत विकसित हुई, इस बात से एकदम इंकार नहीं किया जा सकता है। पुस्तक मेला में यह देखकर अच्छा लगा कि काॅमिक्स जैसी चित्रकथाओं में बच्चों की रूचि बची हुयी है, बस अगर रूचि पैदा करनी है तो वह बड़ों में।








रविवार, 31 अगस्त 2014

सपनों की उड़ान


पिजड़े के अंदर 
कैद थी एक बुलबुल!

उसकी हर फड़फड़ाहट के साथ
उसकी हर बेचैनी के साथ
उसकी हर बेताबी के साथ
उसकी हर कोशिश के बाद
टूट कर रह जाते थे 
उसके मजबूत पर
पिजड़े के अंदर।

पिजड़े के अंदर 
कैद थी एक बुलबुल!

पर 
पिजड़े के अंदर! 
नहीं कैद थी बुलबुल की 
उड़ने की आकांक्षा,
उड़ने के सपने,
उड़ने की तत्परता
उड़ने की कोशिशें ।


टूटें हुए परो के रूप में 
पिजड़े के अंदर से 
उसके उड़ान के सपने
उड़ रहें थे हवा के साथ
दूर बहुत दूर तक।

कैद थी एक बुलबुल
पिजड़े के अंदर।
कबूतर पालने वाले कबूतर के पर क़तर देते है ताकि वे उड़ न सके। ऐसा ही एक कबूतर हमारी छत पर आया। 

रविवार, 3 अगस्त 2014

थैंक्स दोस्त!!

एक दिन
उदासी
बिन बुलाए
मेहमान की तरह आ धमकती है।
एक मुस्कान के साथ
‘हैलो‘ बोल
बगल में बैठ जाती है
हम डरते हैं, आंख चुराते हैं
वह हमारा हाल-चाल पूछती है।

औपचारिकतावश
हम भी
चाय-पानी पूछ ही लेते है।
वह बेशर्म की तरह
घुल-मिल कर बात
करती जाती है...
करती ही जाती है...।

पता नहीं उसे
इतना कुछ कैसे
मालूम होता है हमारे बारे में
पर उसे मालूम होता है सब कुछ
हमारा तिनका तिनका
जर्रा जर्रा...
उसकी सौबत में
कुछ ही देर में
हमारी सांसें
जोर से चलने लगती है
सीने पर पत्थर पड़ने लगते है
दम फूलने के साथ
सांसें छूटती-सी मालूम पड़ती हैं।

तभी
मोबाइल बज उठता है
स्क्रीन पर नाम चमकता है ‘दोस्त’
अरे, कितने दिनों बाद याद किया कमबख्ता ने!
एक मद्धिम सी मुस्कुराहट के साथ
उससे शुरू हुई बातें
ठहाको में बदलने लगती है
इधर पहलू में बैठी उदासी
बोर होने लगती है।

अब
उदासी
चुपके से
बगैर दरवाजा खोले ही
दरवाजे के नीचे से निकलने की
कोशिश में है।
मुझे विदा करने उसे
दरवाजे तक नहीं जाना पड़ा।

चंद लम्हों बाद
वह दूर जाती दिखती है।
थैंक्स दोस्त!!

सॉरी दोस्त!
दोस्ती में
थैंक्स-सॉरी
नहीं होता।

शनिवार, 26 जुलाई 2014

एक 'बीमार' से मिलते हुए!!!

वह बहुत बीमार चल रही हैं
हालत काफी गंभीर हैं!
उन्होंने बताया था-
तुम बात कर लेना,
तुम्हें याद करती हैं।

शब्दों के चुनाव मे फंसी मैं
कैसे करूंगी अपनी भावनाओं को व्यक्त!!

मोबाइल पर उनका नंबर डायल करने से पहले
बहुत से शब्दों को  मन ही मन
रटकर मैंने कहा-हैलो!

एक खनकती सी आवाज कानों में  घुल गई
वे ऐसे चहकी मानो पिजड़े में कैद चिड़िया
किसी को देख कर चहकती है -

कैसी हो? पूछती है वे
प्रत्युत्तर में मैंने पूछा-
पहले आप बताइये कैसी हैं?

शब्दों का इशारा शायद समझ गई।
तुरंत ही बोल पड़ी-
पता है तुम्हें, मुझे यहां
डाक्टरों ने बांध् रखा है,
कुछ नहीं हुआ है मुझे।
वे ऐसे बोली गर....
एक बच्चा शिकायत कर रहा हो!

अब तक की गई बातों में मेरी उनसे
तीसरी बातचीत थी यह,
पर ....बन गई थी एक लंबी बातचीतनुमा 'मुलाकात।'
इस बातचीत में
उन्होंने दे दिया मुंबई आने का निमंत्रण,
हाथ का बना खााना खाने का 'लजीज' प्रस्ताव भी,
पता नहीं और क्या -क्या
उनका उत्साह देखकर मैं भूल गई
वह सारे शब्द जो एक बीमार का
हालचाल लेते समय कहे
और सुने जाते है।

मैं सुने जा रही थी उनकी हंसी
बस प्यारी हंसी
और मधुर आवाज।

क्या मैं बीमार महिला से बात कर रही थी?

शुक्रवार, 18 जुलाई 2014

दुुनिया किसी के प्यार में जन्नत से कम नहीं!

उनकी  गजलें और हमारे जज्बात आपस में बातें करते हैं। इतनी नजदीकियां  शायद हम किसी से ख्वाबों में सोचा करते हैं। उनकी मखमली आवाज के दरमियां जब अल्फाज मौसिकी का दामन पकड़ती है, तब हम खुदाओं की जन्नतों से बड़ी जन्नत की सैर करते हैं। हम बात कर रहे है महरूम पर हमारे दिलों मे जिंदा मेहदी हसन साहब की।
फोटो गूगल के सहयोग से 
बुलबुल ने गुल से, गुल ने बहारों से कह दिया, एक चौदहवीं के चांद ने तारों से कह दिया, दुनिया किसी के प्यार में जन्नत से कम नहीं, एक दिलरुबा है दिल में तो हूरों से कम नहीं।’ उनके गले से निकले यह शब्द हर प्यार करने वाले की आवाज बन जाते हैं। प्यार की दुनियां शायद यही हुआ करती है-रफ़्ता-रफ़्ता वो मेरी हस्ती का समां हो गये...। किसी से अपनी मन की बात कहनी हो तो बड़ी मुश्किल होती है... उफ! कैसे?...बात करनी मुझे, मुष्किल कभी ऐसे तो न थे-...। मिलना है तो बिछुड़ना भी कहीं न कही है- अब के हम बिछडे़, तो शायद कभी ख्वाबों में मिलें। महबूब से इल्तजा करने मेँ भी उनका जवाब नही...एक बार चले आओ, फिर आकर चले जाना, सूरत तो दिखा जाओ, तुझे मेरे गीतों का संगीत बुलाता है...। उनके  गीत-संगीत की तासीर से कोई अंजान नहीं। प्रेमियों की तड़प् की बात करें तो ...रंजिश  ही सही, दिल ही दुखाने के लिए आ जा। या फिर... हमको गम नहीं था, गमे आशिकी से पहले...। प्यार की इंतहां भी देख सकते है... मैं रोज कहता हूं कि भूल जाऊ तुझे, रोज यह बात भूल जाता हूं...। फिर भी कहता हूं कि मुझे तुम नजर से गिरा तो रहे हो, मुझे तुम कभी भी भुला न सकोगे...।
'और भी गम है' की तर्ज पर कहे तो मेहदी साहब की गजलों में दुनियावी सच्चाई को उसी खूबी से कहते रहे और हम सुनते हैं-शिकवा न कर गिला न कर, ये दुनिया है प्यारे, यहां गम के मारे तड़पते रहे, यहां तेरे अशकों की कीमत नहीं है... रहम करना दुनिया की आदत नहीं है। किसी ने नहीं देखा, यहां खून के आंसू ढलकते रहे। यहां का दस्तूर  है खामोश रहना, जो गुजरी है वह किसी से न कहना...
शिकवा न कर गिला न कर...।
उनकी गजलों ने जैसे लोगों के अंदर का खालीपन पहचान कर बड़ी खूबी से उस खालीपन को भर दिया- न किसी की आंख का नूर हूं, न किसी के दिल का करार हूं। जो किसी की काम न आ सके, मैं वो एक मुस्ते-गुब्बार हूं...। कहते कहते एक बड़ी बात कह जाते हैं- तन्हा तन्हा मत सोचाकर, मर जावेगा...मर जावेगा मत सोचाकर...। चलो हम नहीं सोचते है हसन साहब! जीने के लिए आप को तो सुन सकते है न!!