सोमवार, 12 अगस्त 2019

साइंस पढ़ने वाली महिलाएं जाती कहां हैं?

अपने लक्ष्य के लिए तीन लाख चौरासी हजार किलोमीटर की यात्रा पर चंद्रयान-2 निकल चुका है। इस मिशन की कमान संभालने वाली दो महिला वैज्ञानिक ऋतु करीधल और एम. वनिता को देश सलाम कर रहा है। इसरो की वैज्ञानिक ऋतु करीधल चंद्रयान-2 मिशन की डायरेक्टर हैं और एम. वनीता इस मिशन की प्रोजेक्ट डायरेक्टर हैं। इनकी अथक मेहनत का फल है कि आज देश अंतरिक्ष क्षेत्र में इतनी बड़ी उपलब्धि को सेलिब्रेट कर रहा है। महिलाओं की तरफ से देश को मिली यह पहली उपलब्धि नहीं है, जब ऐसे किसी मिशन में महिला वैज्ञानिकों ने सहयोग किया हो। इससे पहले 2013 में मंगल मिशन की सफलता का जश्न मनाती हुईं महिलाओं की तस्वीर वायरल हो चुकी है। इस फोटो में साधारण साड़ियों में लिपटी हुई महिला वैज्ञानिक मार्स आर्बिटर मिशन की सफलता का जश्न मना रही थीं। इस मिशन में आठ महिला वैज्ञानिकों ने अपनी खास भूमिका निभाई थी। इस विषय को आधार बनाकर एक फिल्म ‘मिशन मंगल’ भी बन चुकी है।
चंद्रयान-2 मिशन में इन दो महिला वैज्ञानिक के अलावा और भी महिला वैज्ञानिकों का साथ मिला। चेयरमैन के. सिवन की माने तो इस प्रोजेक्ट में 30 फीसदी महिला वैज्ञानिकों की अथक परिश्रम शामिल है। चंद्रयान-2 मिशन में मौमिता दत्ता, नंदिनी हरिनाथ, एन. वलारमथी, मीनल संपथ, कीर्ति फौजदार और टेसी थॉमस जैसी दूसरी महिला वैज्ञानिक शामिल हैं। इस उपलब्धि को बांटते हुए इसरो के चेयरमैन के. सिवन ने कहा था कि हम पुरुष और महिला वैज्ञानिकों में अंतर नहीं समझते हैं। जो भी सक्षम होता है, उसे बेहतरीन काम सौंपा जाता है। शायद इसरो के चेयरमैन का यही विश्वास आज कार्यरूप में परिणत हुआ दिखता है।
महिलाओं की विज्ञान के क्षेत्र में इन तमाम उपलब्धियों के बीच आज भी यही देखा जाता है कि विज्ञान पुरुष वर्चस्व का क्षेत्र बना हुआ है। ऐसा नहीं है कि महिलाएं विज्ञान और टेक्नॉलजी पढ़ने में रुचि नहीं ले रही हैं। ऑल इंडिया सर्वे ऑन हायर एजुकेशन 2016-17 बताता है कि पुरुषों के मुकाबले आधे से कहीं ज्यादा महिलाएं विज्ञान विषय में ग्रेजुएट थीं, जबकि 60 फीसदी महिलाओं ने एमसी की थीं। इसी तरह विज्ञान से पीएचडी करने वाली महिलाएं भी अधिक संख्या में थीं। पीएचडी करने वाली महिलाओं में मैथ से पीएचडी करने वाली महिलाएं 55 फीसदी से अधिक और फिजिक्स और कमेस्ट्री से पीएचडी करने वाली महिलाएं भी 30 फीसदी से अधिक थीं। आंकड़ों के प्रकाश में कहा जा सकता है कि महिलाओं की न केवल विज्ञान और तकनीकि में रुचि है, बल्कि वे आगे इस विषय की पढ़ाई भी कर नहीं हैं। सवाल यह है कि फिर क्या कारण है कि महिलाएं इसे अपना करियर बनाने में पिछड़ रही हैं। साथ-साथ विज्ञान में शोध और विभिन्न प्रकार के रिसर्च और दूसरी गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी कम क्यों रहती है?
समय-समय पर होने वाले विभिन्न संस्थानों के सर्वे में यह तथ्य सामने आया है कि केवल 25 फीसदी महिलाएं ही विभिन्न संस्थाओं और विश्वविद्यालयों में साइंस फैकल्टी हैं। इसमें बायोलॉजी का सेक्टर जरूर अपवाद हैं। यहां महिलाएं अधिक संख्या में काम कर रही हैं। देश के अनुसंधान और विकास संस्थानों में 2.8 लाख वैज्ञानिकों, इंजीनियरों और तकनीशियनों में से केवल 14 फीसदी महिलाएं ही काम रही हैं। संख्या के हिसाब से यह 39,389 महिलाएं हैं। जबकि वैश्विक औसत 28.4 फीसदी का है। यही हाल देश के विभिन्न आईआईटी संस्थानों का भी है। 2017 में देश के विभिन्न आईआईटी संस्थानों की विभिन्न शाखाओं में महिला आवेदक सिर्फ 10 फीसदी थीं। अगर विज्ञान और तकनीकि से संबंधित शोध और रिसर्च की बात की जाए तो महिलाएं काफी पिछड़ी हुई हैं। इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी, इंडियन एकेडमी ऑफ साइंस, नेशनल एकेडमी ऑफ एग्रीकल्चर साइंस की केवल पांच फीसदी फेलोशिप महिलाएं लेती हैं। इससे समझा जा सकता है कि जब बात साइंस और तकनीकि में करियर बनाने की आती है, तब महिलाएं कहीं न कहीं पीछे रह जा रही हैं।

मार्च, 2018 में मणिपुर यूनीवर्सिटी में सातवीं वुमन साइंस कांग्रेस का आयोजन हुआ था। महिला वैज्ञानिकों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में यह दुर्भाग्य था कि स्टेज पर केवल दो महिला वैज्ञानिक ही भाग लेती हुई नजर आईं। यह कार्यक्रम बताता है कि देश में महिला वैज्ञानिकों की कितनी कमी है। इस आयोजन में महिला वैज्ञानिकों ने कहा कि महिलाएं बड़े पैमाने में विज्ञान क्षेत्र में पीजी और पीएचडी की पढ़ाई करती हैं, पर वे अपनी इस पढ़ाई को अपनी बायोलॉजिकल क्लॉक और पारिवारिक दबाव के कारण कॅरियर में कंवर्ट नहीं कर पाती हैं। सोसायटी ऑफ सोसियो इकोनामिक्स स्टडी एंड सर्विसेज (एसएसइएसएस), कोलकाता ने नीति आयोग के सहयोग से महिला वैज्ञानिकों पर एक स्टडी रिपोर्ट- 2017-18 तैयार करवाई है। इसमें इस बात का पता लगाने की कोशिश की गई है कि विज्ञान के क्षेत्र महिलाओं को उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में जाने के परिप्रेक्ष्य में उनके सामने क्या इश्यू और चैलेंज रहते हैं। यह सर्वे पूरे देश को छह विभिन्न जोन में बांटकर बड़े पैमाने पर किया गया।
इस सर्वे रिपोर्ट में बताया गया है कि 15 फीसदी महिलाओं ने अपने करियर में एक वर्ष का ब्रेक लेना पड़ा। जबकि 2 फीसदी महिलाओं ने दो वर्ष का एवं एक फीसदी महिलाओं ने तीन वर्ष से अधिक समय का अपने करियर ब्रेक लेना पड़ा। करियर में महिलाओं को यह ब्रेक शादी और शादी के बाद परिवारिक जिम्मेदारियों और बच्चों की परवरिश के कारण लेने पड़ते हैं। इस सर्वे रिपोर्ट में यह भी बात सामने आई कि महिलाओं ने अपने करियर ग्रोथ के लिए शादी से पहले का समय चुना यानी उन्होंने शादी देर से की। इसके अतिरिक्त शादी के कारण उनका स्थान परिवर्तन भी एक तरह से बाधा डालता है। ऐसे में सातवीं वुमन साइंस कांग्रेस में महिला वैज्ञानिकों ने करियर में आने वाली जिन समस्याओं का जिक्र किया, उनमें से महिलाओं की परिवार संबंधी जिम्मेदारियां भी एक कारण है। अमूमन महिलाओं के करियर में जो आमतौर पर बाधाएं होती हैं, कामोवेश वही सब बाधाएं महिला वैज्ञानिकों के मार्ग में भी आती हैं। इन सबके बावजूद भी अगर महिला वैज्ञानिक हम देशवासियों को गर्व करने का मौका देती हैं, तो हमें उनके बारे में सोचना चाहिए, तभी उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है। 

मंगलवार, 30 जुलाई 2019

...जब घर से कोई लड़की भागती है!


घर से भागी हुई साक्षी मिश्रा देशवासियों के लिए एक ‘राष्ट्रीय’ समस्या बन गई हैं। इसलिए टीवी चैनलवालों ने भी उन्हें लपक लिया। लेकिन टीवी चैनलों में इस बहस-मुहाबसे के बीच मुंबई में एक लड़की की हत्या उसके पिता ने ही कर दी, क्योंकि उसने उनकी मर्जी के खिलाफ जाकर शादी की थी। ये छोटी बात है कि 20 साल की मीनाक्षी उस समय गर्भवती भी थी। इसे ऑनर किलिंग कहा जाता है। शायद ऐसे ही किसी ऑनर किलिंग से बचने के लिए साक्षी मिश्रा ने एक वीडियो बनाकर सार्वजनिक कर दिया। कहा कि उसकी और उसके पति अजितेश की जान को खतरा है। चूंकि अजितेश जाति से दलित हैं जिससे शादी करने के कारण उनके रसूखदार विधायक पिता और भाई पसंद नहीं कर रहे हैं। इसलिए इस बात की पूरी संभावना है कि उनकी हत्या हो सकती है। इस वीडियो के मार्फत ही सभी को पता चला कि बरेली के विधायक राजेश मिश्रा की बेटी ने अपने अधिक उम्र के एक दलित युवक से भागकर शादी कर ली है। सत्ताधारी पार्टी से विधायक होने के कारण यह मामला बहुत कुछ राजनीतिक नफा-नुकसान के दायरे में भी आ गया। तब विधायक खुद सामने आकर बेटी के बालिग होने और अपने फैसले स्वयं लेने के लिए स्वतंत्र होने की बात उन्होंने कही। जबकि मीडिया के सामने आकर साक्षी ने घर की बंदिशों और शादी के बाद अपने राजनीतिक रसूख का इस्तेमाल करके उन्हें धमकाने और जान से मारने का खतरा होने का आरोप लगाया। फिलहाल इलाहाबाद हाईकोर्ट ने साक्षी और अजितेश को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने के आदेश दिए हैं।
पर सवाल है कि साक्षी-अजितेश या उन जैसे तमाम जोड़ों को सुरक्षा की जरूरत ही क्यों पड़ती है? संविधान ने देश के हर नागरिक को अपनी इच्छानुसार जाति, धर्म, भाषा, समुदाय आदि के बंधनों के बिना अपना साथी चुनने का हक दिया है। फिर क्या कारण है संविधान के रक्षक ही इन जोड़ों को पूरी सुरक्षा उपलब्ध नहीं करा पाते हैं? कई बार पुलिस या प्रशासन अमला ही इन जोड़ों का दुश्मन बन जाता है। यह समाज का कौन सा चेहरा है, जब संविधान से लिए गए अधिकार सामाजिक रूप से गलत हो जाते हैं? क्या कारण है कि मां-पिता अपने बच्चों को अपनी किसी ‘प्रापर्टी’ की तरह व्यवहार करते हैं? एक बड़ा सवाल कि हमारी सामाजिक संरचना संविधान और कानून के अनुसार काम क्यों नहीं कर पाती है?
हमारे समाज में शादी-ब्याह दो लोगों केबीच का मामला नहीं माना जाता है। बल्कि यह दो परिवारों के बीच का मामला होता है। इन शादियों में परिवार अपने रसूख, प्रतिष्ठा, व्यक्तिगत लाभ, व्यापारिक नफा-नुकसान आदि देखकर (तौलकर) तय करता है। जब शादियां दो लोगों के बीच का मामला नहीं होता है, इसलिए जो इसे व्यक्तिगत मामला बनाते हैं, समाज उन्हें बख्शने के मूड में नहीं रहता है। आंकड़ों के अनुसार देश में 05 फीसदी ही अन्तर्जातीय और अंतर धार्मिक विवाह संपन्न होते हैं। नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनामिक रिसर्च के 2014 के एक शोध में पाया गया है कि आज भी देश में 95 फीसदी शादियां परंपरागत तरीके से अपनी जाति और समुदाय में संपन्न होती हैं।
ये 05 फीसदी अन्तर्जातीय और अंतर धार्मिक शादियों की यह संख्या बताती है कि देश में जाति और धर्म के बंधन कितने मजबूत हैं। इसलिए जब भी कोई इन बंधनों को तोड़ने की कोशिश करता है, तो ये जोड़े हिंसा का शिकार हो जाते हैं। इस हिंसा में सबसे ज्यादा इन जोड़ों के परिवार वाले ही बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। देखा गया है कि इस अपराध में उन्हें किसी प्रकार की ग्लानि या दुख का एहसास नहीं होता है। उनके आसपास के लोग इन हत्याओं को एक ‘प्रशस्ति’ से जोड़ देते हैं। इससे इस अपराध के बावजूद उनमें विजयश्री का अहसास भर जाता है। बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय की समाजशास्त्र की प्रोफेसर श्वेता प्रसाद कहती हैं कि समाज बहुत ही धीमी गति से बढ़ने वाली चीज है। प्रेम विवाह जैसे मामलों में जहां जाति और धर्म आड़े आता है, वहां लोगों की भावनाएं ज्यादा काम करती हैं। ऐसा नहीं है कि हमारे यहां सभी शादियां अपने धर्म और जाति में ही हो रही है। समाज में अब भी यह बात है कि फारवर्ड कास्ट आपस में शादी कर ले, तो ज्यादा दिक्कत नहीं होती है, वही दलित से करने पर दिक्कत आती है। साक्षी मिश्रा ने दलित के अलावा किसी और जाति में शादी की होती, तो शायद इतनी दिक्कत नहीं आती।
सामाजिक रूप से जाति और धर्म में कैद भारतीय समाज कई मामलों में आज सहिष्णु या लिबरल हुआ है। भूमंडलीयकरण, तकनीकि प्रगति और कम्यूनिकेशन के बढ़ते दायरे से समाज में खुलापन आया है। पर ये खुलापन सामाजिक रूप से जाति और धर्म की खाई भर सकने में सक्षम नहीं हुआ है। देखने में यह भी लगता है कि भूमंडलीयकरण के कारण लड़कियों को अधिक छूट मिल गई है, पर वास्विकता तब समझ में आती है जब बेटी या बेटा अपनी पसंद से शादी करने की इजाजत घरवालों से मांगते हैं। इस मामले में बेटियां अधिक दुर्भाग्यशाली सिद्ध होती हैं, क्योंकि बेटी को घर की इज्जत से जोड़कर देखा जाता है। प्रख्यात साहित्कार मैत्रेयी पुष्पा कहती हैं कि जो शादियां अपनी मर्जी होती हैं, उनमें घरवालों का अहं आडे आता है। यह अहम ही बढ़कर अहंकार का रूप धारण कर लेता है और ऑनर किलिंग का कारण बनता है। बेटियां घर-परिवार के लिए आन-बान-शान मानी जाती हैं। हम बेटियों की पीठ पर इज्जत का झंडा गाड़ देते हैं और चाहते हैं कि यह हमेशा लहराता रहे। 
नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो के 2015 के आंकड़े बताते हैं कि देश भर में इस वर्ष ऑनर किलिंग के 251 मामले हुए थे।  साक्षी मिश्रा पर जब पूरा समाज उद्वेलित था, तब भी मीडिया में कई ऑनर किलिंग की घटनाएं रिपोर्ट की गईं। जो कई मायनों में वीभत्स थीं, जिनकी उतनी चर्चा नहीं हो सकी। इस तरह की घटनाएं रुकेगी, यह अभी हमारे लिए दूर की कौड़ी है। क्योंकि कमी हमारे अंदर है, इस समाज के अंदर है और हमें इसे खुद ही दूर करना होगा। जैसा कि प्रो. श्वेता प्रसाद कहती हैं कि हमारी वैल्यूज जितनी अधिक सशक्त होगी हम उतने अच्छे समाज का निर्माण करेगें और कानूनों का पालन करेगें। और ये सब चीजें आने में काफी समय लगेगा। वास्तव में समाज की सोच परिवर्तित होने की जरूरत है। हमारे समाज की सोच परिवर्तित होने में अभी काफी समय लगेगा।

सोमवार, 15 जुलाई 2019

नुसरत और जायरा को सीख देने वाले ये कौन लोग ?

कोई एक महीना पहले नई-नवेली सांसद बनी नुसरत जहां और मिमि चक्रवर्ती ट्रोल की गई, क्योंकि उन्होंने संसद भवन में अपने पहले दिन की सेल्फी सोशल मीडिया में शेयर कर दी। इस सेल्फी लोगों का गुस्सा सोशल मीडिया पर निकलने लगा। नुसरत और मिमि को संसदीय मर्यादा, उनके कपड़े पहनने के ढंग और उनके धर्म पर सवाल उठाया गया। उनके वोटरों से भी प्रश्न खड़े किये गए, जिन्होंने उन्हें संसद तक चुन कर भेजा था। इस घटना के ठीक एक महीने बाद नुसरत जहां संसद सत्र के दौरान 25 जून को बिंदी, सिंदूर, मंगलसूत्र और चूड़ा की सजधज के साथ लोकसभा पहुंचीं और उन्होंने लोकसभा सदस्य के तौर पर शपथ ली। शपथ के दौरान उन्होंने अस्सलाम ओलेकुम, जय हिंद, वंदे मातरम, जय बांग्ला का न केवल उद्घोष किया, बल्कि लोकसभा अध्यक्ष के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया। सांसद नुसरत जहां फिर ट्रोल की गईं। उन पर देवबंद का तथाकथित फतवा भी जारी कर दिया गया (हालांकि बाद में देवबंद ने ऐसे किसी फतवे से इंकार कर दिया)। एक जैन युवक निखिल जैन से शादी करने, सिंदूर लगाने,मंगलसूत्र पहनने और वंदे मातरम बोलने के कारण आपत्ति जताई गई। इन आपत्तियों का सार यह था कि नुसरत जहां ने इस्लाम का अपमान किया है। वहीं दूसरी तरफ सहिष्णु लोगों ने नुसरत जहां के इस रूप का स्वागत किया। इन सबके बीच नुसरत ने अपने विचार ट्वीट के माध्यम से रखे, उन्होंने कहा कि ‘किसी भी धर्म के कट्टरपंथियों के बयानों पर ध्यान देना या प्रतिक्रिया देना केवल नफरत और हिंसा को बढ़ावा देना है। इतिहास इसका गवाह रहा है। मैं समग्र भारत का प्रतिनिधित्व करती हूं, जाति, पंथ और मजहब के दायरे से परे है। मैं अब भी मुसलमान हूं और किसी को नहीं बताना चाहिए कि मैं क्या पहनूं… मजहब कपड़े से परे होता है।’
पेशे से अभिनेत्री नुसरत जहां वसीरहाट, पश्चिम बंगाल से सांसद हैं। वे उन 17 महिला सांसदों में शामिल हैं, जो इस बार तृणमूल कांग्रेस से लोकसभा पहुंची हैं। 29 साल की इस युवा सांसद ने 3.5 लाख से ज्यादा वोटों से वसीरहाट सीट पर जीत दर्ज की थी। इन सबके बावजूद एक महिला सांसद नुसरत जहां की यह सब उपलब्धियां कम पड़ गई, जब उन्होंने अपनी मर्जी से कपड़े चुनें और गैर धर्म के युवक से शादी कर ली। क्यों समाज और धर्म के ठेकेदार अपने-अपने हिसाब से या कहे तो हितों के हिसाब से उन्हें नसीहत और समझाइस देना अपना हक समझते हैं? क्या नुसरत के पास अपनी कोई सोच, समझ, विश्वास नहीं है? उन्हें कुछ लोग क्यों एक बने-बनाए ढांचे में फिट करना चाहते हैं? 2017 में दुर्गापूजा के दौरान धुनुची नृत्य का अपना एक वीडियो शेयर करने के बाद भी उन पर कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। अगर वे कहती हैं कि ‘मैं समग्र भारत का प्रतिनिधित्व करती हूं, जाति, पंथ और मजहब के दायरे से परे हैं’, तो कुछ लोगों को यह मानने में हर्ज क्यों है?

इसी दौरान दंगल गर्ल के नाम से मशहूर फिल्म कलाकार जायरा वसीम का प्रकरण भी कुछ इसी तरह का है। सीक्रेट सुपर स्टार जैसी मशहूर और प्रेरणादायक फिल्म में काम करने वाली इस 19 वर्षीय कलाकार ने सोशल साइट फेसबुक और इंस्टाग्राम में बॉलीवुड को अलविदा करने की घोषणा कर दी। जायरा ने इसका कारण धार्मिक बताया। उन्होंने लिखा कि ‘आज जब मैंने बॉलीवुड में पांच साल पूरे कर लिए हैं, तब मैं यह बात स्वीकार करना चाहती हूं कि मैं इस पहचान से यानी अपने काम को लेकर खुश नहीं हूं। लंबे समय से मैं ये महसूस कर रही हूं कि मैंने कुछ और बनने के लिए संघर्ष किया है। …मैंने ऐसे माहौल में काम करना जारी रखा जिसने लगातार मेरे ईमान में दखलअंदाजी की। मेरे धर्म के साथ मेरा रिश्ता खतरे में आ गया। …मैंने अपने जीवन से सारी बरकतें खो दीं।’ जायरा की इस पूरी पोस्ट का लब्बोलुआब यही था कि वे वर्तमान में अपने काम से खुश नहीं हैं, और आध्यात्मिक शांति के लिए इस इंडस्ट्री को बॉय कहना चाहती हैं।
जायरा की ऐसी घोषणा से नुसरत जहां के मामले की तरह सोशल मीडिया तुरंत ही दो खेमों में बंट गया। कुछ लोगों ने जायरा की इच्छा को सम्मान दिया और कुछ ने उसे एहसान फरामोश के साथ-साथ जायरा के इस निर्णय को कट्टरपंथियों का दबाव घोषित कर दिया। इस मामले में बड़े से बड़े लोगों के वक्तव्य सोशल मीडिया में आ गए। एक आश्चर्यजनक टिप्पणी अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज की आई। उन्होंने ट्वीट किया कि ‘धार्मिक आस्था के लिए फिल्म अभिनेत्री जायरा द्वारा फिल्मों से किनारा करना प्रसंशनीय है, हिंदू अभिनेत्रियों को भी जायरा से प्रेरणा लेना चाहिए।’ यहां यह देखा जाना चाहिए कि स्वामी चक्रपाणि ने यह सीख हिन्दू पुरुष अभिनेताओं को नहीं दी है। यही हाल मुस्लिम खास और आम लोगों का था, जो जायरा के इस फैसले को इसलिए उचित करार दे रहे थे कि लड़कियों को फिल्मों में काम नहीं करना चाहिए। इसी क्रम में सपा सांसद एसटी हसन ने एक टीवी साक्षात्कार में फिल्मों में काम करने वाली महिलाओं को तवायफ तक की संज्ञा दे दी। वहीं भाजपा नेता शाहनवाज ने प्रश्न उठाया कि जब मौलवी-मौलाना भी छोटे पर्दे पर आ रहे हैं, तो क्या टीवी स्क्रीन पर आना जायज है या नाजायज? यह बड़ा बहस का विषय है।  
जायरा के मामले में नेशनल कांफ्रेंस के लीडर उमर अब्दुल्ला का भी एक ट्वीट आया। उन्होंने कहा कि ‘हम जायरा के निर्णय पर प्रश्न करने वाले कौन होते हैं। यह उसकी जिंदगी है, उसे वही करने दो जिसमें वह खुश हों।’ अच्छी बात यह है कि उमर अब्दुल्ला ने जायरा की इच्छा का सम्मान किया, पर क्या वे नुसरत जहां की इच्छा का सम्मान इसी तरह कर रहे होंगे? या फिर नुसरत का समर्थन न कर पाना उनकी महज एक राजनीतिक मजबूरी है? अगर वे ऐसा करते तो मिसाल ही पेश करते। खैर, ऐसी सुविधाजनक चुप्पी इन दोनों मामलों में कई दिग्गजों ने धारण कर रखी है। जिनसे ऐसे मामलों में बोलने की पूरी उम्मीद की जाती है।
वास्तविकता यह है कि जब भी महिलाएं अपने धर्म और समाज के इतर कोई निर्णय या काम करती हैं, तो उनके ही धर्म-समाज के लोग उसकी इच्छा का सम्मान नहीं करते हैं। यह देखा गया है कि महिलाओं के मामले में उनका नजरिया ज्यादा ही क्रूर होता है। चाहे वह एक मुस्लिम से शादी करने वाली हादिया का मामला ही क्यों न हो, या हालिया मामला फिल्म अभिनेता रितिक रोशन की बहन सुनैना रोशन का। सुनैना के बारे में खबरें आई थी कि वे एक मुस्लिम युवक से प्रेम करती हैं और परिवार इसमें रुकावट खड़ी कर रहा है। समाज का यह दोहरा रवैया हर खास और आम लड़की तब देखना पड़ता है, जब वह अपनी मर्जी से अपनी सोच को अमलीजामा पहनाती है। इसलिए नुसरत जहां से सबक सीखने की जरूरत है, जो अपनी राह चुनकर उस पर बेपरवाह चल रही है। फिलहाल वे फिर से ट्रोल हो गईं, क्योंकि वे कोलकाता में भगवान जगन्नाथ यात्रा में भाग ले रही हैं।

शनिवार, 4 मई 2019

सशक्त होतीं महिला वोटर

हमेशा से यह धारणा रही है कि महिलाएं वोट डालने के मामले में अपने परिवार का अनुसरण करती रही हैं और करती हैं। शायद यही कारण है कि देश की आधी आबादी को सत्ता में एक फिलर के तौर पर ही ट्रीट किया जाता है। राजनीतिक दलों की नजर उनके वोटों पर रहती तो है, पर वे उन्हें एक स्वतंत्र वोटर के रूप नहीं ले पाते हैं। इसलिए उनके घोषणापत्रों में भी महिलाओं के हिस्से में कोई ठोस योजनाओं की जगह लोकलुभावन और ‘राशन वितरण प्रणाली’ जैसे वादे ही नजर आते हैं। कई दल तो उन्हें साड़ी, चूड़ी, कुकर, टीवी बांटकर ही उनके वोट हासिल करते हैं। कहने का अर्थ है कि देश में महिलाओं को एक अलग वोट बैंक के रूप में देखने और समझने की प्रवृत्ति बहुत देर से विकसित हुई।
सवाल है कि राजनीतिक दल महिलाओं को एक स्वतंत्र वोट बैंक के रूप में क्यों नहीं लेते हैं। क्या महिलाएं वोट करते समय स्वतंत्र नहीं होती हैं? इसलिए राजनीतिक दल उन्हें एक इकाई न मानकर परिवार के साथ जोड़कर गिन लेते हैं। आज भी क्या महिलाओं की वोटिंग से राजनीति प्रभावित नहीं होती है? इन प्रश्नों के उत्तर जानने के लिए 2005 के बिहार विधानसभा चुनाव के एक विश्लेषण पर नजर डालनी होगी। फरवरी, 2005 में बिहार विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को बहुमत नहीं मिला था। लेकिन यहीं आठ महीने बाद हुए चुनाव में नीतीश कुमार की पार्टी की किस्मत बदल गईं। विधानसभा की कुल सीटों में से 87 सीटों में महिलाओं ने जमकर वोटिंग की, यह पहले के मुकाबले 2.5 फीसदी अधिक वोटिंग थी। जाहिर था कि नीतीश कुमार महिलाओं की वोटिंग से ही मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे। उन्होंने महिलाओं के वोटों को एक संस्थागत रूप देते हुए शराबबंदी, व्यवसायिक प्रशिक्षण, किशोरियों को साइकिल वितरण,छात्रवृत्ति, सैनेटरी नैपकिन वितरण जैसे वादे किए थे।
हाल ही में हुए मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में भी महिला वोटर का महत्व रेखांकित किया जा सकता है। आंकड़ों के विश्लेषण से पता चला है कि ऐसी विधानसभा सीटों पर जहां महिलाओं ने 2013 के मुकाबले अधिक वोटिंग की, वहां सीटिंग प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा, इसके विपरीत कम महिला वोटिंग होने से सिटिंग प्रत्याशी फिर से चुन लिए गए। मध्यप्रदेश की ऐसी सात सीटों पर महिला वोटिंग पहले के मुकाबले 10 प्रतिशत अधिक थी। जब ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्रियों ने अपनी-अपनी पार्टी में लिंग असमानता दूर करने के वास्ते इस लोकसभा चुनाव में 33 और 41 प्रतिशत सीटों को महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिया, तो इसे महिला वोटर को आकर्षित करने की रणनीति के तहत देखा जाना गया। इस रणनीति में दोनों राज्यों में पुरुषों के मुकाबले महिलाओं का विधानसभाओं में अधिक वोटिंग रही है।  
देश में महिलाओं को वोटिंग के अधिकार के लिए कोई जद्दोजहद नहीं करनी पड़ी। तमाम अधिकारों के साथ ही महिलाओं को पुरुषों के समान वोट करने का अधिकार भी दे दिया गया। देश के स्वतंत्रता आंदोलन ने महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया था, पर स्वतंत्रता मिलने के बाद लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी काफी देर से हुई। इसके कई कारण हो सकते हैं। लेकिन धीरे-धीरे यह ट्रेंड बदला। 2014 के लोकसभा चुनाव में महिला वोट प्रतिशत पुरुषों के मुकाबले अधिक रहा। इस लोकसभा चुनाव में महिला और पुरुष वोट प्रतिशत दोनों बढ़ा था, पर पुरुषों के मुकाबले 1.79 फीसदी महिलाएं अधिक मात्रा में वोट देने निकलीं। यह पहली बार हुआ था। चौथी से पंद्रहवीं लोकसभा में महिलाओं की वोटिंग प्रवृत्ति देखी जाए, तो स्पष्ट पता चलता है कि महिलाएं कुल वोटिंग का 55-56 प्रतिशत का आंकड़ा ही छू पाई थीं। जबकि इस दौरान पुरुष वर्ग कभी भी कुल वोटिंग का 60 प्रतिशत से कम नहीं रहा। महिलाओं ने सबसे कम वोटिंग 1980 में सातवीं लोकसभा के लिए की थीं। तमाम सुधारों के बाद दसवीं लोकसभा के चुनाव के बाद महिला वोटिंग में उत्तरोत्तर सुधार आता गया। और यही कारण है कि सोलहवीं लोकसभा में महिलाओं ने अब तक की सबसे अधिक वोटिंग की। आज देश की 543 लोकसभा सीटों में से 73 सीटें ऐसी हैं, जहां पुरुषों की अपेक्षा महिला वोटर अधिक हैं। ये संख्या 1200 से 70,000 तक अधिक है।
इस लोकसभा चुनाव में महिला वोटर के विषय में परंपरागत धारणा बदलेगी कि नहीं, इस संदर्भ में सीएसडीएस-लोकनीति-क्विंट ने संयुक्त रूप से फरवरी, 2019में दिलचस्प सर्वे किया। इस सर्वे में महिला और पुरुषों की इस प्रवृत्ति पर अध्ययन किया गया कि वे वोट करते समय किन मुद्दों को दृष्टिगत रखते हैं। इस सर्वे में 68 प्रतिशत युवा महिलाओं ने माना कि महिलाओं को पुरुषों की तरह राजनीति में भाग लेना चाहिए। इसी सर्वे में पांच में से तीन महिलाओं ने कहा कि वे अपने परिवार या पति से प्रभावित हुए बगैर लोकसभा 2019 चुनाव के लिए वोट करेंगी। 65 प्रतिशत पहली बार वोट करने जा रही युवतियों ने नहीं माना कि महिलाएं पुरुषों की अपेक्षा अच्छी नेता नहीं होती हैं। साथ ही दो तिहाई युवतियों ने राजनीति में अपनी रुचि भी जाहिर की। अत: कह सकते हैं कि धीरे-धीरे ही सही, राजनीति के प्रति महिलाओं की रुचि-समझ के साथ-साथ दखलंदाजी बढ़ रही है। सत्ता में अपनी भागीदारी के प्रति अधिक सचेत बनने की कोशिश में आधी आबादी की ये युवा पीढ़ी है। इसी तरह अगर मुद्दों की बात करें, तो अब राजनीतिक दल उन्हें केवल परिवार की ईकाई के तौर पर ही नहीं देख सकते हैं। अब उन्हें प्रभावित करने के लिए इन दलों को रणनीतिक रूप से काम करना होगा। यह इस लोकसभा चुनाव में राजनीतिक दलों के घोषणापत्रों में भी देखा जा सकता है। महिलाएं किन मुद्दों के लिए वोट करती हैं, इस संदर्भ में चेंज डॉट ओआरजी का एक ऑनलाइन सर्वे भी देखा जा सकता है। इस सर्वे में 39 में से महिलाओं ने जिन्हें अपने लिए जरूरी बताया, उनमें सुरक्षा, न्याय व्यवस्था, पानी-बिजली की अच्छी सुविधा, कचरा निस्तारण की सुविधा, प्रदूषण को अपनी प्राथमिकता बताया। जाहिर है कि महिलाओं के अपने मुद्दे हैं, यह दूसरी बात हैकि राजनीतिक दल उन्हें प्राथमिकता में नहीं लेते हैं। पर वह समय अधिक दूर नहीं है, जब राजनीति महिलाओं को नजरअंदाज कर सकेगीं।